पठानकोट, 4 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब के पठानकोट में भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के अड्डे पर सुरक्षा बलों का खोज और तलाशी अभियान सोमवार को भी जारी है।
पठानकोट वायुसेना के अड्डे पर शनिवार तड़के सुबह 3.30 बजे कुछ आतंकवादियों ने हमला कर दिया था।
पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) और सेना कमांडो पाकिस्तान से आए आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका से पूरे इलाके की तलाशी कर रहे हैं।
रविवार रात और सोमवार सुबह गोलियां चलने की आवाजा सुनी गई। अधिकारियों का कहना है कि यह तलाशी अभियान से जुड़ा हो सकता है।
वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने सारी रात पठानकोट अड्डे के ऊपर तलाशी जारी रखी। सेना और अर्ध-सैनिक बलों ने पूरे अड्डे की घेराबंदी कर ली है।
हालांकि एनएसजी कमांडो, वायुसेना के कमांडो और आर्मी स्पेशल फोर्स के कमांडो ने चार आतंकवादियों को मार गिराया, लेकिन सुरक्षा बलों के साथ आतंकवादियों की यह लड़ाई 15 घंटे तक चलती रही।
दो अन्य आतंकवादियों के साथ सुरक्षा बलों की लड़ाई रविवार को भी जारी रही।
आतंकवादियों के साथ हुई इस लड़ाई में सात जवान शहीद हो गए, जिसमें एनएसजी के एक अधिकारी, वायुसेना के गरुड़ कंमाडो और रक्षा सेवा वाहिनी (डीएससी) के पांच जवान शामिल हैं।
पठानकोट वायु सेना के एयर आफिसर कमांडिंग (एओसी) एयर कमांडर जे. एस. धमून ने कहा, “तलाशी अभियान रविवार को भी जारी था और यह अभियान अब लगभग पूरा होने वाला है। जब तक पूरे वायु सेना अड्डे से घुसपैठियों का सफाया नहीं कर दिया जाता, तब कर यह अभियान जारी रहेगा।”
dharmpath.com dharmpath