इस्लामाबाद, 13 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने बुधवार को कहा कि भारत में पठानकोट के भारतीय वायुसेना अड्डे पर हुए आतंकवादी हमले के बाद, आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसने जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है और उसके कार्यालय सील कर दिए गए हैं।
एक आधिकारिक बयान में यह भी कहा गया है कि पंजाब के पठानकोट में दो जनवरी को हुए आतंकवादी हमलों के संबंध में पाकिस्तान को भारत से अधिक जानकारी की जरूरत है। इस हमले में सुरक्षाबल के सात जवान शहीद हो गए थे।
बयान के मुताबिक, नई दिल्ली से परामर्श कर इस्लामाबाद एक विशेष जांच दल पठानकोट भेजने पर विचार कर रहा है।
बयान में कहा गया है, “जेईएम से संबंध रखनेवाले कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। संगठन के कार्यालयों की जांच-पड़ताल कर उन्हें सील किया जा रहा है। आगे जांच जारी है।”
प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने आतंकवादी हमले में कथित पाकिस्तानी मास्टरमाइंड के खिलाफ जांच की समीक्षा के लिए बुधवार सुबह एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की, जिसके बाद यह बयान जारी किया गया।
भारत ने कहा है कि वायुसेना अड्डे पर हमला करनेवाले सभी छह आतंकवादी पाकिस्तानी थे और जैश-ए-मुहम्मद से ताल्लुक रखते थे।
मीडिया रपट के मुताबिक, बुधवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में सेनाप्रमुख जनरल राहील शरीफ तथा इंटर-सर्विसिस इंटेलिजेंस (आईएसआई) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रिजवान अख्तर ने भी हिस्सा लिया।
dharmpath.com dharmpath