नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। उद्योगपति और रिलायंस कारोबारी परिवार के संस्थापक स्वर्गीय धीरूभाई अंबानी की पत्नी कोकिलाबेन डी. अंबानी ने धीरूभाई को पद्म विभूषण दिए जाने के लिए सोमवार को सरकार और राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को धन्यवाद दिया।
कोकिलाबेन ने अपने पति की ओर से यह पुरस्कार ग्रहण किया। उन्होंने एक बयान में कहा, “धीरूभाई ने सीधा-सादा जीवन जीते हुए देश और देशवासियों के लिए विश्वस्तरीय और अभूतपूर्व संपत्ति खड़ी की।”
कोकिलाबेन ने कहा, “उन्हीं (धीरूभाई) के शब्दों में इस अवसर पर मैं यह प्रार्थना करना चाहती हूं कि 1.3 अरब देशवासियों के लाभ के लिए सामाजिक और आर्थिक विकास में तेजी लाने के लिए देश में हजारों और धीरूभाई अंबानी पैदा हों।”
धीरूभाई को व्यापार और उद्योग में योगदान के लिए मरणोपरांत यह पुरस्कार दिया गया है। इस श्रेणी में इस साल एक मात्र पुरस्कार दिया गया है।
इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और धीरूभाई के बड़े पुत्र मुकेश अंबानी ने कहा, “श्री धीरूभाई अंबानी को पद्म विभूषण दिया जाना अदम्य भारतीय उद्यमिता, नवाचार और हमेशा दुनिया में सर्वश्रेष्ठ करने की महत्वाकांक्षा को सम्मानित करना है।”
छोटे पुत्र और रिलायंस समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी ने कहा कि इस सम्मान से भारतीय उद्यमिता को मान्यता मिली है।
उन्होंने कहा, “मैं और संपूर्ण रिलायंस परिवार भारतीय इतिहास में महानतम उद्यमी और संपत्ति सर्जक, मेरे पिता श्री धीरूभाई अंबानी को इस राष्ट्रीय सम्मान पद्म विभूषण से नवाजे जाने के लिए अत्यंत अभिभूत और आभारी महसूस करते हैं।”
dharmpath.com dharmpath