पटना, 28 मार्च (आईएएनएस)। केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता एवं संरक्षण मंत्री रामविलास पासवान ने यहां सोमवार को बिहार में खाद्य सुरक्षा कानून को पूरी तरह विफल बताया और कहा कि आनन-फानन में यहां खाद्य सुरक्षा कानून तो लागू कर दिया गया परंतु उसके तहत नियमों पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में इस कानून की स्थिति की जांच करने के लिए जल्द ही एक केन्द्रीय टीम बिहार का दौरा करेगी।
पटना में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष पासवान ने कहा, “नीतीश कुमार ने चुनाव पूर्व तो खाद्य सुरक्षा कानून को बिहार में लागू कर लिया, परंतु हकीकत यह है कि आज तक लोगों को ठीक ढंग से राशन कॉर्ड का वितरण तक नहीं किया गया है।”
उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के लिए 35 किलोग्राम अनाज देती है, फिर भी लोगों को अनाज नहीं मिल रहा है।
पासवान ने बिहार सरकार पर आरोप लगाया कि “राज्य सरकार गरीबों को अनाज नहीं दे रही है। जिसके चलते शेखपुरा में जागो मांझी की मौत हुई है।” उन्होंने कहा कि लोजपा की जांच टीम भी इस मामले को देख रही है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व शेखपुरा में जागो मांझी की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath