पनामा पेपर्स : शरीफ की पार्टी जांच की तैयारी में

इस्लामाबाद, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ इस समय इलाज के लिए लंदन में हैं और सबका ध्यान उनकी गतिविधियों पर केंद्रित है। जबकि वित्तमंत्री इशाक डार ‘पनामा पेपर्स’ लीक मामले की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग गठन की जमीन तैयार करने को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज(पीएमएल-एन) के प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं।

‘पनामा पेपर्स’ अंतर्राष्ट्रीय खोजी पत्रकारों के संघ की रपट है, जिसमें दुनिया भर की नामचीन हस्तियों की कथित काली कमाई के निवेश से जुड़े करोड़ों दस्तावेजों के जरिए खुलासा किया गया है।

‘डॉन’ ऑनलाइन की खबर के अनुसार, पीएमएल-एन ने शुक्रवार को राजनेताओं से मिलने और इस जांच आयोग के नेतृत्व के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीशों से संपर्क करने का प्रयास जारी रखा।

पीएमएल-एन के सीनेटर मुशाहिदुल्ला खान ने कहा कि वह और सूचना मंत्री परवेज राशिद ने इस मुद्दे पर विमर्श करने के लिए पख्तूनख्वा मिल्ली अवामी पार्टी के प्रमुख महमूद अचकजई से मुलाकात की।

शुक्रवार को मीडिया रपटों में कहा गया है कि ‘पानामा पेपर्स’ घोटाले की जांच करने वाले आयोग का नेतृत्व सेवानिवृत्त न्यायाधीश सरमद जलाल उस्मानी करेंगे। हालांकि, सरकार की ओर से किसी ने इस रपट की पुष्टि नहीं की है।

पीएमएल-एन के एक सांसद ने कहा कि उस्मानी का नाम सरकार द्वारा तैयार सूची में शामिल है। इस सूची में उन सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के नाम हैं, जिनसे आयोग की अध्यक्षता करने के लिए संपर्क किया जा सकता है या किया जा चुका है।

पाकिस्तान सरकार के कानून विशेषज्ञ इस मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए शनिवार को ही इशाक डार से मिलने वाले हैं।

अर्से से टलते आ रहे अपने इलाज के लिए शरीफ एक हफ्ते के लिए लंदन गए हैं।

पाकिस्तान के राजनेता शरीफ की ब्रिटेन में चल रही गतिविधियों पर नजर गड़ाए हुए हैं। खासकर पनामा पेपर्स लीक में बच्चों के नाम आने के बाद शरीफ विवादों में फंस गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493