पनामा पेपर मामले में मरियम को सर्वोच्च न्यायालय ने दी राहत

इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान के सर्वोच्च न्यायालय ने पनामा पेपर मामले में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज को बरी कर दिया।

डॉन ऑनलाइन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल पनामा पेपर लीक के बाद आरोप लगाया गया कि लंदन में नवाज शरीफ की जो संपत्तियां हैं, उनमें अपने भाइयों के साथ मरियम नवाज भी हिस्सेदार हैं।

याचिका में दावा किया गया कि चूंकि मरियम नवाज, प्रधानमंत्री नवाज शरीफ पर निर्भर हैं, इसलिए प्रधानमंत्री को अपनी संपत्ति की घोषणा में मेफेयर संपत्तियों की भी घोषणा करनी चाहिए थी।

सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने हालांकि देर गुरुवार को कहा कि इस बात को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं कि मरियम, प्रधानमंत्री पर एक तरह से कानूनी रूप से निर्भर हैं।

डॉन ऑनलाइन के मुताबिक फैसले में कहा गया, “हम मामले के इस पहलू पर और चर्चा करने की जरूरत महसूस नहीं करते हैं।”

इससे पहले, गुरुवार को सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को अयोग्य ठहराने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं हैं, साथ ही पनामा पेपर लीक के आधार पर शरीफ तथा उनके दो बेटों पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की ताजा जांच के लिए संयुक्त जांच दल (जेआईटी) के गठन का आदेश दिया।

शरीफ को जांच दल के समक्ष पेश होने और दल को 60 दिनों के भीतर मामले में अपनी रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया गया है। जेआईटी में सैन्य व अन्य जांच एजेंसियों के अधिकारी होंगे।

एक वरिष्ठ वकील तथा पूर्व उप महान्यायवादी तारिक जहांगीरी ने कहा कि मरियम को कुछ वक्त के लिए राहत मिल गई है, लेकिन मामले की जांच के दौरान अगर उनके खिलाफ जेआईटी को ठोस सबूत मिलते हैं, तो उन्हें मुकदमे का सामना करना पड़ सकता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493