आदिल मीर
आदिल मीर
श्रीनगर/नई दिल्ली, 12 मार्च (आईएएनएस)। अपनी विपणन रणनीति के तहत श्रीनगर की कंपनी रहीम ग्रीन्स ने विकलांग क्रिकेट खिलाड़ी आमिर हुसैन लोन को अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया है। आमिर के दोनों हाथ नहीं हैं वाबजूद इसके वह क्रिकेट खेलते हैं।
रहीम ग्रीन्स कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अब्दुल हामिद ने आईएएनएस को बताया, “कंपनी ने दक्षिण कश्मीर के अंनतनाग जिले के विकलांग क्रिकेट खिलाड़ी आमिर को अपना ब्रांड एम्बेसडर बनाया है।”
हामिद ने कहा, “हमारा मकसद लोगों को पर्यावरण बचाने की मुहिम से जोड़ना है। जलवायु बदलाव की जरूरत है, और हमें लगता है कि आमिर युवाओं से जुड़ने के लिए सही शख्स हैं।”
उनका कहना है कि अमिर का अनुबंध एक साल का है लेकिन इसे बढ़ाया भी जा सकता है।
रहीम ग्रीन्स, रहीम मोटर्स की ही सहयोगी कंपनी है जो कि कश्मीर में और आस-पास के इलाकों में वनरोपण को लेकर अभियान चला रही है।
हामिद ने कहा, “हमारा मकसद अद्भुत कश्मीर बनाना है।”
इससे पहले आरएएमकेवाय ने इस खिलाड़ी को अपनी कॉरपोरेट-समाजिक भागीदारी का हिस्सेदार भी बनाया था।
अंनतनाग के उपाधीक्षक मुनिर-उल-इस्लाम ने राज्य सरकार की तरफ से जारी एक बयान में कहा था कि अनंतनाग जिला प्रशासन ने आरएएमकेवाय से हुसैन को 12 हजार रुपये के मासिक मानदेय पर नौकरी देने की सिफारिश भी की थी जिसे उसने मान लिया था।
भारत के लिए खेलने की इच्छा रखने वाले आमिर ने कहा है कि शुरुआत में आईं समस्या के बाद भी उन्होंने कभी भी उम्मीद नहीं छोड़ी और लगातार अपने पैरों को हाथों की तरह उपयोग करने के लिए मेहनत करते रहे।
उन्होंने कंपनी और जिला प्रशासन को नौकरी के लिए शुक्रिया अदा किया, “आर्थिक मदद के कारण मैं अब अपने खेल पर ध्यान दे सकूंगा।”
आमिर ने एक मशीन दुर्घटना में अपने दोनों हाथ गंवा दिए थे। लेकिन क्रिकेट खेलने की इच्छा ने उन्हें राज्य के लिए खेलने का मौका दिया।
दक्षिण कश्मीर के बिजबेहारा के निवासी आमिर ने आठ साल की उम्र में एक मशीन दुर्घटना में अपने दोनों हाथ गंवा दिए थे
dharmpath.com dharmpath