पर्यावरण संरक्षण की ओर कोलकाता के क्रिकेट क्लब की पहल

कोलकाता, 5 जून (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के ‘ग्रीन इनिशियेटिव’ से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय क्रिकेट क्लब (एनसीसी) ने यहां रविवार को एक कार्यक्रम ‘क्रिकेट फॉर इनवायरमेंट’ की पहल की।

इस कार्यक्रम के तहत पौधरोपण किया गया और कचरे के लिए कूड़ेदान के रूप डब्बे भी वितरित किए गए।

एनसीसी ने ईडन गार्डन्स स्टेडियम तथा कोलकाता के मैदान इलाके में स्थित अन्य मैदानों में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कई पौधे लगाए।

क्लब के अध्यक्ष अभिषेक डालमिया ने एक विज्ञप्ति में कहा, “आज, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हमने सोचा कि युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को वृक्षारोपण कर पर्यावरण की सुरक्षा की महत्वता के बारे में जागरूक किया जाए और उन्हें बताया जाए कि कैसे वे पर्यावरण की रक्षा कर इसमें संतुलन बनाए रख सकते हैं।”

डालमिया ने कहा, “हम बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर द्वारा शुरू की गई ‘ग्रीन इनिशियेटिव’ की पहल से काफी प्रभावित हैं। इस कदम से पर्यावरण में सुधार और इसे संरक्षित करने में मदद मिलेगी।”

एनसीसी के सचिव नीरज कजारिया ने कहा कि ईडन गार्डन्स और अन्य स्टेडियमों में पौधा रोपण करने के साथ-साथ एनसीसी की इस पहल में ‘टेक अ वॉक टु डम्प’ कार्यक्रम भी शामिल है, जिसमें कूड़ेदान के डब्बे वितरित किए जाएंगे।

नीरज ने कहा, “इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले 100 से अधिक युवाओं को हमने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि आखिर क्यों उनके लिए कूड़ेदान में कचरा फेंकना जरूरी है। वे इसस न केवल अपने स्थल को साफ रखने बल्कि पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मददगार साबित होंगे और कई बीमारियों को खुद से दूर रख पाएंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493