चेन्नई, 31 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में प्रमुख विपक्षी दल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के कार्यकारी अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने कहा है कि केंद्र सरकार को पशु कारोबार पर प्रतिबंध लगाने वाला अपना फैसला वापस लेना होगा, अन्यथा राज्य में फिर से मरीना समुद्रतट जैसा विरोध-प्रदर्शन उठ खड़ा होगा।
जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करते हुए स्टालिन ने मंगलवार को मद्रास उच्च न्यायालय द्वारा केंद्र सरकार के आदेश पर रोक लगाने वाले आदेश का हवाला देते हुए कहा कि केंद्र सरकार को वध के लिए पशुओं की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने वाला अपना आदेश वापस लेना होगा।
मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने मंगलवार को केंद्र सरकार के इस आदेश पर चार सप्ताह के लिए रोक लगा दी है।
कुछ महीने पहले जल्लीकट्टू को लेकर विद्यार्थियों और अन्य लोगों द्वारा किए गए विशाल विरोध-प्रदर्शनों का हवाला देते हुए स्टालिन ने कहा कि अगर केंद्र सरकार अपना आदेश वापस नहीं लेती है तो इसे लेकर फिर से उसी तरह का विरोध-प्रदर्शन होगा।
स्टालिन ने इस मुद्दे पर राज्य के मुख्यमंत्री के. पलनीस्वामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि केरल, पुडुचेरी और त्रिपुरा के मुख्यमंत्रियों ने इसके उलट केंद्र सरकार के आदेश के खिलाफ आवाज उठाई है।
dharmpath.com dharmpath