पश्चिम बंगाल में ममता की बयार, विपक्ष पस्त (लीड-3)

कोलकाता, 19 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की गुरुवार को जारी मतगणना में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस जबर्दस्त जीत की ओर अग्रसर नजर आ रही है।

सभी 294 निर्वाचन क्षेत्रों के रूझान उपलब्ध हो गए हैं, जिनमें राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 210 सीटों पर आगे है। वहीं, कांग्रेस-वाम गठबंधन महज 75 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे है।

कांग्रेस वाम मोर्चे से बेहतर करती नजर आ रही है। कांग्रेस के उम्मीदवार 40 निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं और वाम मोर्चे के उम्मीदवार 35 क्षेत्रों में पहले स्थान पर हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छह सीटों पर और गोरखा जनमुक्ति मोर्चा तीन सीटों पर आगे है।

तृणमूल कांग्रेस 20 जिलों में से महज दो-मालदा व मुर्शीदाबाद में पीछे है। मालदा और मुर्शीदाबाद जिलों में वाम-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार अच्छा कर रहे हैं।

मुर्शीदाबाद जिले में गठबंधन 22 सीटों में से 18 में सबसे आगे है, जबकि मालदा में 11 निर्वाचन क्षेत्रों में से आठ में यह आगे है।

तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी सहित इसके लगभग सभी अग्रणी नेता अपने अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पांव जमाए हुए हैं। हालांकि बिजली मंत्री मनीष गुप्ता जाधवपुर में अपने प्रतिद्वंद्वी सुजन चक्रबर्ती से पीछे हैं।

कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को 11 में से 10 निर्वाचन क्षेत्रों में पीछे छोड़ दिया है। हालांकि जोड़ासांको निर्वाचनक्षेत्र में पूर्व भाजपा प्रदेश प्रभारी राहुल सिन्हा आगे हैं।

तृणमूल जंगलमहल इलाके में विपक्ष को पटखनी देती दिखी।

यह बीरभूम, हावड़ा व पूर्वी मिदनापुर जिलों में भी छा गई है।

पश्चिम बंगाल चुनाव में भारी जीत की ओर अग्रसर तृणमूल कांग्रेस की नेता व राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि विपक्षी दलों के झूठ व निंदा पर आधारित अभियान को लोगों ने नकार दिया। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “लोगों ने ऐसे अभियान को पसंद नहीं किया। हमारे खिलाफ हर प्रकार का गठबंधन था। लेकिन लोगों ने आखिरकार अपनी इच्छा जताई।”

तृणमूल को 294 सीटों वाली विधानसभा में 200 से ज्यादा सीटें जीतने की उम्मीद है। ममता ने कहा, “49 सालों में पहली बार किसी एक पार्टी को इतना भारी जनादेश मिला है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493