नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जाने वाले पहले 20 शहरों के नामों की घोषणा की। इन शहरों को 2016 तक स्मार्ट सिटी बना दिया जाएगा।
स्मार्ट सिटी के अंतर्गत विकसित किए जाने वाले शहर हैं- भुवनेश्वर (उड़ीसा), पुणे (महाराष्ट्र), जयपुर (राजस्थान), सूरत (गुजरात), कोच्चि (केरल), अहमदाबाद (गुजरात), जबलपुर (मध्य प्रदेश), विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश), शोलापुर (महाराष्ट्र), देवांगिरी (कर्नाटक), इंदौर (मध्य प्रदेश), नई दिल्ली म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (एनडीएमसी, दिल्ली), कोयंबटूर (तमिलनाडु), काकीनाडा (आंध्र प्रदेश), बेलागावी (कर्नाटक), उदयपुर (राजस्थान), गुवाहाटी (असम), चेन्नई (तमिलनाडु), लुधियाना (पंजाब) और भोपाल (मध्य प्रदेश)।
नायडू ने यहां एक प्रेस वार्ता में कहा, “इन 20 शहरों को सबसे पहले फंड आवंटित किया जाएगा ताकि इन्हें स्मार्ट शहरों के रूप में विकसित किया जा सके। अगले दो सालों में 40 और 38 अन्य शहरों को भी इसमें शामिल किया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा, “जनसंख्या के मामले में इन 20 शहरों में कुल 3.54 करोड़ लोग रहते हैं। अगले 5 सालों में स्मार्ट सिटी परियोजना में कुल 50,802 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। स्मार्ट सिटी के अंतर्गत इन शहरों में बुनियादी सुविधाओं के विकास का लक्ष्य रखा गया है।”
नायडू ने कहा, “स्मार्ट सिटी को समावेशी, टिकाऊ और विकास का प्रभावी कारक होना चाहिए, ताकि युवा भारत के आकांक्षाओं को पूरा कर सके।”
dharmpath.com dharmpath