वॉशिंगटन, 2 मार्च (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ता की तिथि शीघ्र तय हो सकती है। पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा है कि पाकिस्तान का जांच दल जल्द भारत के पठानकोट जाएगा, जिसके बाद वार्ता की तारीख निर्धारित की जाएगी।
वॉशिंगटन, 2 मार्च (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ता की तिथि शीघ्र तय हो सकती है। पाकिस्तान के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कहा है कि पाकिस्तान का जांच दल जल्द भारत के पठानकोट जाएगा, जिसके बाद वार्ता की तारीख निर्धारित की जाएगी।
अमेरिका की यात्रा पर आए अजीज ने कहा कि पठानकोट हवाई अड्डे पर हुए आतंकी हमले की जांच के लिए पाकिस्तानी टीम ‘अगले कुछ दिनों’ में भारत जाएगी।
हमले के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच की ‘व्यापक द्विपक्षीय वार्ता’ बाधित हो गई है।
अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी के साथ सोमवार को हुई मुलाकात के बाद अजीज ने मंगलवार को कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पठानकोट हमले के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच सचिव स्तरीय वार्ता बाधित हो गई।
‘डॉन ऑनलाइन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अजीज ने कहा कि हमले के बाद से पाकिस्तान ने वार्ता बहाल करने के लिए कई ‘ठोस कदम’ उठाए हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हमले के तत्काल बाद अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी से बात की थी और उन्हें जांच में पाकिस्तान के सहयोग का आश्वासन दिया था।”
उन्होंने कहा, “दोनों देशों के सुरक्षा सलाहकारों के बीच नियमित संपर्क बना हुआ है।”
अजीज ने केरी के साथ अमेरिका-पाकिस्तान सामरिक वार्ता की सह-अध्यक्षता करते हुए कहा, “मामला दर्ज कर लिया गया है और विशेष जांच दल (एसआईटी) जल्द भारत का दौरा करेगा। हमें उम्मीद है कि विदेश सचिव स्तरीय वार्ता की तारीख शीघ्र निर्धारित होगी।”
उन्होंने कहा, “हम मानते हैं कि कश्मीर समेत सभी मुद्दों को भारत के साथ निर्बाध बातचीत के जरिए ही सुलझाया जा सकता है।”
अजीज ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता को बहाल करने में लगातार सहयोग देने के लिए उनका देश राष्ट्रपति बराक ओबामा का शुक्रगुजार है।
पठानकोट हमले के तत्काल बाद पाकिस्तान ने हमले के संबंध में भारत द्वारा दिए गए सबूतों की जांच के लिए छह सदस्यीय जांच दल गठित किया था। इस मामले में पाकिस्तान में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
dharmpath.com dharmpath