इस्लामाबाद, 3 जुलाई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान एवं पाकिस्तान के लिए अमेरिका के स्पेशल रीप्रजेंटेटिव रिचर्ड ओल्सन ने शनिवार को इस्लामाबाद में पाकिस्तान के शीर्ष राजनयिक से मुलाकात की और क्षेत्रीय सुरक्षा हालात एवं अफगानिस्तान में शांति व स्थिरता लाने के प्रयासों की बाबत चर्चा की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, राजदूत ओल्सन उस वक्त पाकिस्तान दौरे पर हैं, जब ड्रोन हमले में अफगान तालिबान के सरगना मुल्ला अख्तर मंसूर के मारे जाने और अमेरिका द्वारा एफ-16 लड़ाकू विमान की बिक्री रोके जाने को लेकर पाकिस्तान एवं अमेरिका के संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं।
यह यात्रा उस वक्त भी हो रही है, जब पिछले माह पाकिस्तान एवं अफगानिस्तान के बीच सीमा पर हुई लड़ाई में दोनों देशों के सैनिकों की मौत होने के चलते रिश्तों में खटास आई हुई है।
पाकिस्तान के विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी ने राजदूत ओल्सन से बातचीत के दौरान दोहराया कि पाकिस्तान अफगानिस्तान द्वारा अपनाई गई और अफगानिस्तान के नेतृत्व वाली सुलह प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए एक प्रभावी मंच की तरह काम करने को प्रतिबद्ध है।
dharmpath.com dharmpath