पाकिस्तान आईएसआई प्रमुख को हटाएगा : मीडिया

इस्लामाबाद, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान अपनी खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसिस इंटेलीजेंस (आईएसआई) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल रिजवान अख्तर को संभवत: अगले कुछ ही हफ्तों में हटा देगा। सामान्य तौर पर आईएसआई प्रमुख की नियुक्ति तीन साल के लिए की जाती है, लेकिन रिजवान को उससे पहले ही कराची कोर कमांडर के रूप में स्थानांतरित करने की तैयारी है।

‘द नेशन’ की रपट के मुताबिक, इस मामले के जानकार एक सुरक्षा अधिकारी ने देश की शक्तिशाली खुफिया एजेंसी के प्रमुख के आसन्न बदलाव की पुष्टि की है और कहा है कि अंदर खाने इस बदलाव की तैयारी चल रही है।

लेफ्टिनेंट जनरल अख्तर को वर्ष 2014 के सितम्बर में आईएसआई प्रमुख नियुक्त किया गया था और उन्होंने नवंबर में पदभार संभाला था।

पहचान सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर उस अधिकारी ने कहा कि अधिक संभावना है कि कराची के कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल नावीद मुख्तार उनकी जगह लेंगे।

इस बदलाव के समय को लेकर उस अधिकारी ने ज्यादा सतर्कता बरती और कहा, “यह इस पर निर्भर करता है कि सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ को सेवा विस्तार मिलता है या घोषणा के मुताबित वह सेवानिवृत्त होते हैं।”

उसने कहा, “मैं नहीं समझता कि उसके पहले सेना के कमान में किसी बदलाव की अधिसूचना जारी होगी। उसमें प्रभावित करने वाली बहुत सारी चीजें हैं।”

जनरल राहील शरीफ ने इससे पहले इस साल घोषणा की थी कि वह सेवा विस्तार नहीं चाहते और नवंबर में सेवानिवृत्त हो जाएंगे।

सेना के मुख्य प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल आसिम बाजवा ने आईएसआई प्रमुख को हटाए जाने से इनकार किया है। नेशन की रपट के मुताबिक बाजवा ने कहा, “ऐसी कोई चीज नहीं है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493