नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि आतंकवाद सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के पाकिस्तान में होने की भारत के पास पुख्ता जानकारी है और हमें तब तक चैन नहीं मिलेगा, जबतक उसे वापस नहीं लाया जाता।
लोकसभा में एक बयान देते हुए राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान दाऊद इब्राहिम का पता लगाने के लिए बाध्य है, लेकिन सबूत देने के बाद भी वह ऐसा करने में नाकाम रहा है।
लोकसभा में पिछले सप्ताह दाऊद के ठिकाने के बारे में गृह मंत्रालय के अनभिज्ञता जताने को लेकर विपक्ष के हमले के बाद राजनाथ ने यह बयान दिया है।
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हरिभाई परथीभाई चौधरी ने पिछले सप्ताह लोकसभा में जवाब देते हुए कहा था कि दाऊद के ठिकाने के बारे में जानकारी नहीं है। जब उसके ठिकाने का पता चल जाएगा, तब उसके प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गृह मंत्री ने लोकसभा में कहा कि पाकिस्तान की इस मामले में अंतर्राष्ट्रीय जवाबदेही है, क्योंकि इंटरपोल ने पहले ही दाऊद के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर चुका है।
राजनाथ ने कहा कि दाऊद के पाकिस्तान में होने की भारत के पास पुख्ता जानकारी है।
गृह मंत्री ने कहा, “दाऊद के पाकिस्तानी पासपोर्ट सहित उसका पूरा विवरण तथा पाकिस्तान में उसके पते को समय-समय पर पाकिस्तान को मुहैया कराया गया। उससे दाऊद को भारत प्रत्यर्पित करने का अनुरोध भी किया है, क्योंकि भारत की पहल पर ही उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी की है।”
राजनाथ ने कहा कि उसके ठिकाने का पता करने तथा उसे प्रत्यर्पित करने को लेकर पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय जवाबदेही से बंधा हुआ है।
पाकिस्तान ने दाऊद की गिरफ्तारी के लिए समय मांगा था, लेकिन इसमें वह एक बार फिर विफल रहा। राजनाथ ने कहा, “हम उसे वापस ले आएंगे।”
उन्होंने कहा, “दाऊद के पाकिस्तान में होने को लेकर भारत के पास पुख्ता सबूत हैं। वृत्तचित्र तथा अन्य सबूत पाकिस्तान को सौंपने के बावजूद पाकिस्तान दाऊद इब्राहिम के ठिकाने का पता करने और एक कानूनी प्रक्रिया शुरू करने में नाकाम रहा है।”
गृह मंत्री ने कहा, “चाहे हम पाकिस्तान के पीछे लगे रहें या उसपर दबाव बनाए रखें, हमें तब तक चैन नहीं मिलेगा, जबतक दाऊद वापस नहीं लाया जाता।” उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भारत ने पाकिस्तान पर हर स्तर पर दबाव बरकरार रखा है।
dharmpath.com dharmpath