नई दिल्ली, 2 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि पाकिस्तान के साथ प्रस्तावित वार्ता में आतंकवाद प्रमुख मुद्दा होगा।
पंजाब के पठानकोट शहर में शनिवार तड़के भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के अड्डे पर हुए आतंकवादी हमले के कुछ घंटों बाद जावड़ेकर ने यह बात कही।
जावड़ेकर ने कहा, “जहां तक पाकिस्तान की बात है, वह हमारा पड़ोसी है। पाकिस्तान के साथ वार्ता होगी, जिसमें आतंकवाद प्रमुख मुद्दा होगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरुआत कर दी है और अब जवाब देने की बारी पाकिस्तान की है।
जावड़ेकर ने हालांकि, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए जावड़ेकर ने कहा, “लेकिन जिस तरह से हमारे सुरक्षा बलों ने इस हमले का जवाब दिया, वह प्रशंसनीय है। आतंकवादी हवाई ठिकाने के अंदर कैसे घुसे, यह दूसरा मुद्दा है। लेकिन जैसा कि गृहमंत्री ने कहा, हम ऐसे हमलों का मुंहतोड़ जवाब देंगे।”
पठानकोट हवाई ठिकाने पर हुए इस हमले के बाद सुरक्षा बलों ने चार आतंकवादियों को मार गिराया और अन्य आतंकवादियों की खोजबीन शुरू कर दी। इस हमले में सुरक्षा बल के दो जवान भी शहीद हो गए।
dharmpath.com dharmpath