चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब में कांग्रेस सरकार पर स्कूलों की उच्चतर कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकों में सिख इतिहास को विकृत करने की ‘गहरी साजिश’ रचने का आरोप लगाया। पार्टी इस मामले में विरोध प्रदर्शन करने वाली है।
पार्टी नेताओं ने मंगलवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल एक नवंबर को अकाल तख्त साहिब में अरदास के बाद सिख इतिहास को विकृत करने के विरुद्ध एक संघर्ष की शुरुआत करेंगे।
अकाली दल ने घोषणा की है कि वह पंजाब विद्यालय शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) के प्लस टू के छात्रों के इतिहास की किताबों में ‘गुरुओं के खिलाफ जानबूझकर अपमान करने के लिए खालसा पंथ से माफी मांगने’ के लिए पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ ‘एक विशाल संघर्ष’ का आयोजन करेगा।
बादल ने यहां सोमवार को मीडिया से कहा था, “हम अमरिंदर सिंह और पंजाब में कांग्रेस सरकार को महान सिख गुरुओं खासकर गुरु अर्जन देवजी, गुरु हरगोबिंदजी, गुरु तेग बहादुर साहिब और 10वें गुरु गोबिंद सिंहजी की पवित्र छवि का अपमान करने के लिए घुटने टेकने पर मजबूर करेंगे।”
उन्होंने मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार से तत्काल माफी की मांग की।
बादल ने कहा, “नई किताब में इस अपमानजनक हिस्से पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए और इसे तत्काल वापस लिया जाए। इसे पुरानी किताबों से बदला जाए जोकि दशकों तक प्रयोग में रहीं हैं।” उन्होंने इस मामले से जुड़े लोगों पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।
अकाली दल कोर समिति ने सोमवार को इस बाबत पार्टी मुख्यालय में आपात बैठक बुलाई। इसमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लोंगोवाल भी शामिल हुए।
dharmpath.com dharmpath