पारदर्शी प्रणाली बनाने में मददगार होगी कैशलेस अर्थव्यवस्था : नकवी

नई दिल्ली, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कहा कि नकदी रहित अर्थव्यवस्था के लिए अभियान के तहत डिजिटल लेन-देन, नेट तथा मोबाइल बैंकिंग से लेन-देन स्वच्छ, ईमानदार और पारदर्शी प्रणाली स्थापित करने के लिए है।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय द्वारा उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के दलपतपुर में आयोजित कैशलेस चौपाल के मौके पर उन्होंने लोगों को डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन तथा मोबाइल बैंकिंग के जरिए लेन-देन के फायदों के बारे में जानकारी दी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक नकवी ने कहा, “भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां इलेक्ट्रॉनिक मतदान प्रणाली शत फीसदी सफल साबित हुई है। इसी तरह डिजिटल लेन-देन, ऑनलाइन तथा मोबाइल बैंकिंग प्रणाली भी सफल होगी।”

उन्होंने कहा, “जिस तरह इलेक्ट्रानिक मतदान प्रणाली से चुनावों में पारदर्शिता आई ठीक उसी तरह डिजिटल लेन-देन का अभियान भी पारदर्शिता लाएगा।”

नकवी ने कहा कि डिजिटल लेन-देन प्रणाली के बाद कर प्रणाली को मजबूत बनाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को आयकर के दायरे में लाया जाएगा।

उन्होंने कहा, “नकदी रहित प्रणाली से देश के किसानों और छोटे कारोबारियों को लाभ होगा।”

नकवी ने मुस्लिम लोगों से अपील की कि वे डिजिटल लेन-देन अभियान में शामिल हों और ‘भ्रष्टाचार रूपी कैंसर’ को खत्म करने में मदद करें।

मंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक मामलों का मंत्रालय डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन लेन-देन को प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने 3 करोड़ विद्यार्थियों को बैंक खातों के माध्यम से 6715 करोड़ रुपये दिए हैं।

नकवी ने कहा कि डिजिटल भुगतान प्रणाली को अपना कर छोटे दुकानदार और कारोबारी बड़ी कंपनियों के साथ स्पर्धा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन से बैकिंग प्रणाली पर भी बोझ कम पड़ेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493