पार्क स्ट्रीट दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार (लीड-2)

कोलकाता, 30 सितंबर (आईएएनएस)। कोलकाता पुलिस ने शुक्रवार को पार्क स्ट्रीट सामूहिक दुष्कर्म मामले के मुख्य आरोपी को घटना के चार साल बाद गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। उसे तड़के उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी कादर खान को उसके सहयोगी अली के साथ ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने कहा कि दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया है और उन्हें बाद में स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

कोलकाता पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) के मुरलीधर शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, “कल (गुरुवार को) हमें सूचना मिली है कि वे इस इलाके में छिपे हैं। पुलिस की एकविशेष टीम ने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा टू के एफ/58 से इन्हें गिरफ्तार किया।”

पुलिस पिछले छह महीनों से उन पर नजर बनाए हुए थी।

कोलकाता पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर काम किया।

मुरलीधर शर्मा ने कहा, “हमने स्थानीय कासना की पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ा। हम दोनों आरोपियों के लिए पुलिस हिरासत की मांग करेंगे।”

उन्होंने कहा, “हमे इनकी गतिविधियों के बारे में खुफिया जानकारी थी। वे पिछले छह महीनों से पुलिस की निगरानी पर थे। हम खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें शुक्रवार सुबह 1 बजे के आसपास गिरफ्तार करने में कामयाब रहे।”

छह फरवरी, 2012 को एक एंग्लो-इंडियन महिला से बंदूक दिखाकर चलती कार में पांच लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था।

इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि खान और अली फरार थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493