रायपुर, 28 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में मोबाइल काल से ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। मोबाइल फोन पर फर्जी कंपनी के नाम से कॉल कर रुपये ऐंठने की घटनाएं लगातार होने के बावजूद लोग सबक नहीं सीख रहे हैं। शहर का युवक 3500 रुपये में ब्रांडेड कंपनी का मोबाइल पाने के चक्कर में ठगी का शिकार हो गया। डाकघर में आए पार्सल में मोबाइल की जगह चरण पादुका और पूजा सामग्री निकली।
धमतरी के बठेना वार्ड निवासी संजय पांडे ने बताया कि 15 मई को उसके पिताजी के मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से कॉल आया। सामने वाले ने खुद को करोल बाग दिल्ली से एक ब्रांडेड मोबाइल कंपनी का बताया। मार्केट में 8 से 10 हजार रुपये में मिलने वाले मोबाइल को 3500 रुपए में स्पेशल ऑफर के तहत देने का झांसा दिया।
सस्ते में अच्छा मोबाइल पाने के चक्कर में संजय ने मोबाइल पर आर्डर दे दिया। सामने वाले ने कैश आन डिलवरी की बात कही। 26 मई को पार्सल आने की सूचना मोबाइल से मिलने पर संजय पांडे डाकघर गया। वहां से अपना पार्सल 3500 रुपये देकर छुड़वाया।
डाकघर में ही पार्सल खोलकर देखा तो मोबाइल की जगह चरण पादुका और पूजा की अन्य सामग्री निकली। युवक ने सामग्री डाकघर वालों को दिखाई, तो उन्होंने कहा कि अंदर क्या है हम नहीं जानते। इसके बाद युवक शिकायत लेकर कोतवाली थाने पहुंचा। जहां युवक को उपभोक्ता फोरम में शिकायत करने को कहा गया। इस तरह से ठगी के बाद लोगों की आंखे खुलती हैं पर तब तक देर हो चुकी होती हैं।
dharmpath.com dharmpath