पिछली सरकार के कार्यो का श्रेय ले रही भाजपा : सपा

लखनऊ, 26 दिसंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में मेट्रो रेल का उद्घाटन होने के बाद अब सूबे की समाजवादी पार्टी (सपा) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया है कि वह पिछली सपा सरकार के कार्यो का श्रेय ले रही है।

सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सोमवार को नोएडा में जिस मेट्रो का उद्घाटन किया गया, उसका उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 15 दिसंबर, 2016 को ही कर दिया था।

चौधरी ने कहा, “भाजपा सरकार का यह रवैया नया नहीं है। लखनऊ में भी जब मेट्रो रेल का उद्घाटन किया गया था, तब पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम नहीं लिया गया था। इसी तरह गोरखपुर में एम्स के लिए सपा सरकार ने मुफ्त जमीन दी थी। उसके शिलान्यास के मौके पर भी भाजपा सरकार ने न तो पूर्व मुख्यमंत्री का नाम लिया और न ही उन्हें आमंत्रित किया।”

उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आकर दंभ में डूब गई है। अपने अहंकार में वह अपने पूर्ववर्ती के प्रति सम्मान भाव का प्रदर्शन करना भी उचित नहीं समझ रही है।

सपा नेता ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की यही विशेषता है कि वे जब सत्ता में थे, तब भी विनम्र और शालीन रहे और अब भी हैं।

योगी सरकार ने सोमवार को नोएडा के बोटैनिकल गार्डन और दिल्ली के कालकाजी के बीच मेट्रो की मैजेंटा लाइन का उद्घाटन किया था। इस पर तंज कसते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ‘काम किसी का और नाम कोई और ले जाता है।’ उन्होंने ट्वीट कर योगी सरकार पर निशाना साधा था।

दिल्ली मेट्रो में आधी हिस्सेदारी केंद्र सरकार की और आधी दिल्ली सरकार की है, लेकिन उद्घाटन के मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नहीं बुलाया गया। इसको लेकर आम आदमी पार्टी का कहना कि है कि ‘मोदी-योगी’ ने केजरीवाल का नहीं, दिल्ली की जनता का अपमान किया है।’ मेट्रो की मैजेंटा लाइन की नोएडा में सिर्फ दो स्टेशन हैं, बाकी दिल्ली में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493