पीडब्ल्यूएल : उत्तर प्रदेश ने दिल्ली को 4-3 से हराया

लुधियाना, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश वॉरियर्स ने मंगलवार को प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के अपने दूसरे मैच में दिल्ली वीर को 4-3 से हरा दिया। उत्तर प्रदेश की लीग में यह पहली जीत है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश को बेंगलुरू योद्धाज के हाथों 1-6 से करारी हार झेलनी पड़ी थी।

वहीं पहले मुकाबले में हरियाणा हैमर्स के हाथों 2-5 से हार झेलने वाले दिल्ली वार के लिए यह लगातार दूसरी हार है।

मंगलवार को गुरुनानक स्टेडियम में हुआ मुकाबला पीडब्ल्यूएल के पहले संस्करण का अब तक का सबसे रोचक मुकाबला रहा, जिसका फैसला उत्तर प्रदेश के अनुभवी पहलवान सत्यव्रत काडियान और दिल्ली वीर के उदीयमान युवा पहलवान गुरपाल सिंह के बीच मुकाबले से हुआ।

विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक विजेता रहे दिल्ली वीर के पहलवान बेखबायार एर्डेनेबाट ने उत्तर प्रदेश के जयदीप को 4-3 से मात देकर अपनी टीम को विजयी शुरुआत दिलाई।

पुरुषों के 57 किलोग्राम भारवर्ग के तहत हुए इस मुकाबले में जयदीप ने शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद मैच गंवा दिया।

महिलाओं के 58 किलोग्राम भारवर्ग में हुए दूसरे मुकाबले में हालांकि उप्र की सरिता ने दिल्ली वीर के लिए खेलने उतरीं तुर्की की येसिलिरमैक एलिफ जेल को 1-0 से हरा दिया और अपनी टीम को 1-1 से बराबरी दिला दी।

कृष्ण कुमार ने हालांकि 125 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में जोगिंदर को मात देकर एकबार फिर दिल्ली को 2-1 से आगे कर दिया।

विनेश फोगट ने इसके बाद महिलाओं के 48 किलोग्राम भारवर्ग में उप्र की कोगुट ओलेक्सांद्रा को एकतरफा मुकाबले में 11-0 से पटखनी देते हुए दिल्ली की बढ़त को 3-1 कर दिया।

लेकिन इसके बाद उप्र के पहलवानों ने बेहतरीन वापसी की। विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक विजेता रहे पुरेजावीन उनुर्बाट ने पुरुषों के 74 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले में दिनेश कुमार को 4-0 से हरा दिया, और अपनी स्टार महिला पहलवान बबिता कुमारी के बल पर उप्र ने मैच में 3-3 से बराबरी कर ली।

बबिता ने महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग में दिल्ली वीर की लिलिया होरिश्ना को कड़े मुकाबले में 13-12 से हराया।

इसके साथ ही सत्यव्रत और गुरपाल के बीच होने वाला निर्णायक मुकाबला बेहद रोचक हो गया। अनुभवी सत्यव्रत ने हालांकि शुरु से बढ़त बना ली और अंतत: 4-1 से गुरपाल को हराकर अपनी टीम को लीग में पहली जीत दिला दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493