नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। दुनिया की जानी-मानी महिला युगल बैडमिंटन खिलाड़ी गाब्रिएल एडकॉक के अनुसार प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) में दिल्ली एसर्स की जीत का राज ट्रम्प मैच का सही इस्तेमाल रहा।
नई दिल्ली, 23 जनवरी (आईएएनएस)। दुनिया की जानी-मानी महिला युगल बैडमिंटन खिलाड़ी गाब्रिएल एडकॉक के अनुसार प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) में दिल्ली एसर्स की जीत का राज ट्रम्प मैच का सही इस्तेमाल रहा।
एसर्स ने पीबीएल के फाइनल में मुंबई रॉकेट्स को 4-3 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया था।
एसर्स का हिस्सा रहीं एडकॉक ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, “हमारे पास काफी अच्छी टीम थी, लेकिन नए नियमों के आने से स्कोर करना काफी मुश्किल हो गया था और हर टीम काफी मजबूत लग रही थी। हमने ट्रम्प का इस्तेमाल काफी अच्छे से किया जिसके कारण हम खिताब जीत पाए। हम एक भी ट्रम्प मैच नहीं हारे और पूरे टूर्नामेंट में ऐसा करने वाली हमारी टीम एकमात्र रही।”
उन्होंने कहा, “ट्रम्प मैच ने मुकबालों को रोचक बना दिया था। यह इतना आसान नहीं था। यह एक अच्छा विचार था जिसने बैडमिंटन को काफी रोचक बना दिया।”
पीबीएल में अपने अनुभव पर उन्होंने कहा, “पीबीएल में खेलना काफी अच्छा अनुभव था। हम आमतौर पर जैसा खेल खेलते हैं यह उससे अलग था। बैडमिंटन एक व्यक्तिगत खेल है लेकिन टीम के रूप में खेलना काफी अच्छा अनुभव रहा। मैंने खेल के हर मिनट का लुत्फ उठाया।”
राष्ट्रमंडल खेलों-2014 में अपने पति क्रिस एडकॉक के साथ मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीतने वाली गाब्रिएल पीबीएल में उनके खिलाफ खेलती नजर आईं।
इस पर उन्होंने कहा, “हम एक दूसरे के खिलाफ खेलने के आदी हैं, लेकिन यह काफी अच्छा था क्योंकि हम दोनों किसी तरह के दबाव में नहीं थे। मेरी टीम पहले ही मुकाबला जीत चुकी थी।”
पीबीएल जैसी लीग कई देशों में खेली जाती है लेकिन एडकॉक ने पहली बार इस तरह की लीग में हिस्सा लिया और उन्हें भारतीय खेल प्रशंसकों से जो प्यार मिला उस पर उन्होंने खुशी जताई।
उन्होंने कहा, “यह पहली बार है कि मैंने इस तरह की किसी लीग में हिस्सा लिया। इंग्लैंड में इसी तरह की लीग का आयोजन होता है जिसका नाम नेशनल बैडमिंटन लीग है लेकिन वह छह महीने तक चलती है। उसमें हम तीन सप्ताह में सोमवार को एक मैच खेलते हैं। वहीं पीबीएल कम समय में खत्म हो जाती है और रोचक भी है।”
उन्होंने कहा, “दर्शक लीग को देखते हैं और उन्हें पता होता है कि क्या हो रहा है। दर्शकों ने जिस तरह का प्यार दिया वह काफी अच्छा था, खासकर लीग के अंत में। बड़ी संख्या में दर्शकों के बीच खेलना मेरे लिए काफी अच्छा अनुभव रहा।”
dharmpath.com dharmpath