कोलकाता, 6 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार को पुरुलिया में एक रॉकेट लॉन्चर, एक रॉकेट तथा एक एके-47 राइफल बरामद किए। पुलिस का मानना है कि ये हथियार दिसंबर 1995 में पुरुलिया में गिराए गए हथियारों के जखीरे का हिस्सा हैं।
एक अधिकारी ने हथियारों के दो तस्करों राथू प्रमाणिक तथा जमालुद्दीन अंसारी से पूछताछ के बाद इन हथियारों को पुरुलिया जिले के झालदा के निकट खाटंगा इलाके से बरामद किया गया है। दोनों तस्करों को इस सप्ताह की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधीक्षक रूपेश कुमार ने कहा, “ये हथियार सन् 1995 में गिराए गए हथियारों के मामले का हिस्सा हो सकते हैं, क्योंकि ये उसी इलाके से बरामद हुए हैं। लेकिन जांच पूरी होने तक इसके बारे में पुख्ता तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। इस मामले की जांच कुछ अन्य एजेंसियों ने भी की है, इसलिए हम इस बारे में पुख्ता तौर पर यह बात नहीं कह सकते।”
उल्लेखनीय है कि 17 दिसंबर, 1995 को पुरुलिया में एक एंतोनोव एएन-26 विमान से बड़ी संख्या में हथियार गिराए गए थे। मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने की थी।
dharmpath.com dharmpath