रांची, 19 जून (आईएएनएस)। धनबाद जिले के एक पुलिस थाने में पुलिस निरीक्षक की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत की दो वरिष्ठ अधिकारी जांच करेंगे। झारखंड सरकार ने रविवार को इसकी घोषणा की।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री रघुबर दास ने उमेश कच्छप की मौत की स्वतंत्र जांच का आदेश दिया है।
बयान में कहा गया है कि कैबिनेट सचिव सुरेंद्र सिंह मीना और अपर पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) अजय कुमार सिंह एक हफ्ते के अंदर मामले की जांच करेंगे।
धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार झा को इस मामले से अलग रहने को कहा गया है।
कच्छप तोपचांची थाने के प्रभारी थे। उनका शव शनिवार की सुबह थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में पंखे से लटका पाया गया था।
पुलिस का कहना है कि यह मामला आत्महत्या का है लेकिन परिवार वाले इसे हत्या बता रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को इस मौत की जांच एक विशेष जांच दल से या केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की।
dharmpath.com dharmpath