पूछताछ के बाद मुकुल बोले, सच सामने आए

कोलकाता, 30 जनवरी (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव मुकुल रॉय से केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को शारदा चिट फंड मामले में तकरीबन साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद मुकुल रॉय ने कहा कि वह चाहते हैं कि सच्चाई सबके सामने आए और जांच सही दिशा में चले।

दोपहर में सीबीआई के दफ्तर से बाहर आने के बाद रॉय ने संवाददाताओं से कहा, “सचाई सामने आने दीजिए। मामले की जांच सही दिशा में चले।”

पूर्व रेलमंत्री ने वादा किया कि सीबीआई जब भी उन्हें बुलाएगी वे जांच एजेंसी के दफ्तर आएंगे और जांचकर्ताओं से बातचीत करेंगे।

उन्होंने कहा, “मैंने जांच एजेंसी से सच सामने लाने के लिए कहा है। अगर उन्हें जरूरत पड़ती है तो वे मुझे किसी भी समय बुला सकते हैं और मुझसे बात कर सकते हैं।”

रॉय ने दोहराया है कि शुरू से ही वह कह रहे हैं कि वह जांच में शामिल होने के लिए और सीबीआई को सहयोग करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “पहले दिन से मैं कह रहा हूं कि मामले की जांच कर रही एजेंसी मुझे जब भी बुलाएगी, मैं जांच में शामिल हो जाऊंगा और सहयोग करूंगा। यहां तक कि आज सुबह भी मैंने कहा था कि मैं लोगों के लिए जांच एजेंसी के पास जा रहा हूं।”

रॉय ने कहा कि वह सुबह ठीक 10.30 बजे जांच एजेंसी के दफ्तर पहुंच गए थे, और जांचकर्ताओं से बातचीत की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493