पूनम सिन्हा ने नामांकन बाद किया रोडशो

लखनऊ, 18 अप्रैल(आईएएनएस)। फिल्मों से राजनीति में आए शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा ने गुरुवार को लखनऊ संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन किया और उसके बाद उन्होंने रोडशो किया। इस दौरान उनके पति व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा, कन्नौज से सांसद डिम्पल यादव और बसपा महासचिव सतीश मिश्रा के दमाद परेश मिश्रा भी मौजूद थे।

सपा कार्यालय से निकले जूलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का हुजूम शामिल था। कार्यकर्ता सपा और बसपा के झंडे लिए हुए थे और अपने नेताओं के पक्ष में नारे लगा रहे थे।

इस दौरान पूनम, शत्रुघ्न और डिंपल लोगों का अभिवादन स्वीकार करते नजर आए। अखिलेश की अनुपस्थिति में डिंपल यादव ने रोडशो की कमान संभाली।

पूनम पहले रोडशो करके पर्चा भरने वाली थीं, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के कारण उन्होंने साधारण तरीके से नामांकन किया। पूनम अपने बेटे के साथ पर्चा दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंची थीं। वह लखनऊ से सपा, बसपा और रालोद की संयुक्त उम्मीदवार हैं।

दो दिन पहले सपा में शामिल हुई पूनम ने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा उनके लिए प्रचार नहीं करेंगे, लेकिन सोनाक्षी सिन्हा और उनके दोनों बेटे लव व कुश उनके साथ प्रचार में सहयोग देंगे।

पत्नी और सपा उम्मीदवार पूनम सिन्हा के नामांकन में शामिल पटना साहिब से कांग्रेस उम्मीदवार शत्रुघ्न ने कहा कि वह परिवार के नाते इस जुलूस में शामिल हुए हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उसे खामोश हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “उन लोगों को खामोश हो जाना चाहिए, जो देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।”

विशाल जुलूस को देखते हुए उन्होंने कहा कि इतना शानदार जुलूस उन्होंने कभी नहीं देखा। उन्होंने इसका श्रेय सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती को दिया।

गौरतलब है कि लखनऊ संसदीय सीट से गृहमंत्री राजनाथ सिंह 2014 में सांसद चुने गए थे। उनके खिलाफ सपा ने कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा और कांग्रेस ने आचार्य प्रमोद कृष्णन को उतारकर लखनऊ की राजनीतिक लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। लखनऊ लोकसभा सीट पर लंबे समय से भाजपा का कब्जा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493