नई दिल्ली, 17 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आरोप-प्रत्यारोप और जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के अपने वादे से पीछे हटने का शनिवार को आरोप लगाया।
आप नेता योगेंद्र यादव ने संवाददाताओं से यहां कहा, “भाजपा साल 1993 से ही दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग करती रही है और यह उसकी चुनावी रणनीति का भी हिस्सा रहा है। लेकिन ऐसा लगता है कि भाजपा अब अपने वादे से पीछे हट रही है।” उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पहले भी और एक बार फिर भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे की याद दिला रही है।
यादव ने कहा, “इसके लिए दिल्ली विधानसभा के गठन का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। आप (मोदी) पहले से ही देश को अध्यादेशों के माध्यम से चला रहे हैं, इस मामले को लेकर एक और अध्यादेश जारी किया जा सकता है।”
उल्लेखनीय है कि राजनीतिक पार्टियों के लिए दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा एक चुनावी मुद्दा रहा है।
दिल्ली सरकार के पास कानून-व्यवस्था को छोड़कर अन्य कई सारी शक्तियां हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
dharmpath.com dharmpath