पूर्वोत्तर राज्यों का निवेशक शिखर सम्मेलन रविवार से

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर राज्यों के लिए आयोजित प्रथम दो दिवसीय ‘निवेशक शिखर सम्मेलन’ का रविवार को शिलांग में केंद्रीय वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी उद्घाटन करेंगी। सम्मेलन में पूर्वोत्तर के सभी राज्य, पूर्वोत्तर क्षेत्र के उद्योगों के प्रमुख और देश भर के कई प्रमुख निवेशक भाग लेंगे।

‘पूर्वोत्तर क्षेत्र में अवसरों की तलाश’ विषय के साथ इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य उत्तर पूर्व क्षेत्र को एक वैश्विक निवेश स्थल के रूप में प्रस्तुत करना है और इस पूर्वोत्तर क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करने के लिए विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और उत्तर-पूर्वी राज्यों के संयुक्त प्रयास से संभावनाओं का पता लगाना है।

यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से 29-30 जनवरी को शिलांग में किया जा रहा है।

शिखर सम्मलेन को नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया, मेघालय के मुख्यमंत्री मुकुल संगमा, केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं एनईसी के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह, केंद्रीय वस्त्र राज्यमंत्री अजय टम्टा, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू, मिजोरम के उद्योग मंत्री एच. रोहलूना और अरुणाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री टैमियो टागा संबोधित करेंगे।

बयान में कहा गया है कि पूर्वोत्तर राज्य के वस्त्र निर्माण के क्षेत्र में लगे उद्योगों के लिए यह एक अद्वितीय अवसर होगा। पूर्वोत्तर क्षेत्र के राज्यों द्वारा इस सम्मेलन में कई स्टॉल लगाए जाएंगे और निवेशकों के सामने बनाए सामानों को पेश किया जाएगा।

बयान के अनुसार, शिखर सम्मेलन में पूर्वोत्तर में वस्त्र उद्योग में अवसर, उद्यमिता विकास और स्टार्ट-अप, वस्त्र डिजाइन और विपणन द्वारा वस्त्र की पहुंच बढ़ाना, वस्त्र उद्योग के वित्तपोषण की व्यवस्था को आसान बनाना और पूर्वोत्तर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे में सुधार पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। पूर्वोत्तर क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देने और निर्माण को मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य सरकारों और निवेशकों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना भी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493