पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का 93 वर्ष की अवस्था में निधन (लीड-1)

नई दिल्ली, 16 अगस्त (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का यहां गुरुवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। एम्स के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वह 93 वर्ष के थे।

वाजपेयी अपना कार्यकाल पूरा करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे।

एम्स की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, “हम काफी दुख के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 16 अगस्त शाम 5:05 मिनट पर निधन के बारे में सूचित कर रहे हैं।”

विज्ञप्ति के अनुसार, “वाजपेयी को 11 जून को यहां भर्ती कराया गया था और बीते 9 हफ्ते से उनकी हालत स्थिर बनी हुई थी। दुर्भाग्य से, बीते 36 घंटे से उनकी हालत काफी बिगड़ गई और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखना पड़ा। बेहतर प्रयास के बावजूद हमने आज उन्हें खो दिया।”

मधुमेह के मरीज वाजपेयी का एम्स में इलाज चल रहा था। बुधवार शाम को उनकी हालत नाजुक हो गई थी, जिसके बाद सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने एम्स जाकर उनका हालचाल जाना।

वाजपेयी को 2014 में देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। उनके जन्मदिवस 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है।

वाजपेयी 3 बार प्रधानमंत्री रहे। वह पहली बार 1996 में प्रधानमंत्री बने और उनकी सरकार सिर्फ 13 दिनों तक ही चल पाई थी।

1998 में वह दूसरी बार प्रधानमंत्री बने, तब उनकी सरकार 13 महीने तक चली थी।

1999 में वाजपेयी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने और पांच सालों का कार्यकाल पूरा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493