अगरतला, 28 जून (आईएएनएस)। पूर्व प्रेमिका की नग्न तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट करने वाले त्रिपुरा के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवती ने युवक का रिश्ता ठुकरा दिया था।
पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने युवक को गिरफ्तार किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “कोलकाता की सीआईडी टीम ने त्रिपुरा पुलिस की सहायता से पश्चिम त्रिपुरा के खोवई निवासी अरूप देब को गिरफ्तार किया और उसे शनिवार को कोलकाता लाया गया।”
सीआईडी के अधिकारियों ने युवक के पास से तीन मोबाइल फोन और एक कंप्यूटर हार्डडिस्क भी जब्त किया है।
आरोपी देब (24) ने कोलकाता के एक निजी आईटी संस्थान से स्नातक किया है। उस पर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की रहने वाली एक युवती की नग्न तस्वीर फेसबुक पर पोस्ट करने का आरोप है।
युवती के परिवार ने पहले पुलिस में इस बात की शिकायत दर्ज कराई थी और कहा था कि युवती की ओर से रिश्ता ठुकरा दिए जाने के बाद देब ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट की थीं।
त्रिपुरा के पुलिस अधिकारी ने बताया, “देब ने अपराध कबूल कर लिया है। उसने सीआईडी अधिकारियों को बताया कि युवती के परिवार वालों ने उसके परिवार वालों को फोन पर अपमानजनक बातें कही, इसलिए उसने प्रतिशोध लेने के लिए ऐसा किया।”
dharmpath.com dharmpath