पूर्व हॉकी खिलाड़ी अमेरिका में फंसे, भारतीय अधिकारियों से मांगी मदद

कैलीफोर्निया, 9 अप्रैल- इस समय अमेरिका में फंसे भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी अशोक दीवान ने भारतीय अधिकारियों से कोरोनावायरस के कारण उपजी विषम परिस्थिति में मदद की गुहार लगाई है। दीवान ने 1976 ओलम्पिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा से मदद की गुहार लगाई है।

बत्रा को लिखे अपने पत्र में 65 साल के दीवान ने कहा है कि उन्होंने कैलीफोर्निया में पिछले सप्ताह उच्च रक्तचाप के कारण अस्पाल में अपना इलाज कराया था।

दीवान ने कहा कि वह 20 अप्रैल को वापस भारत आने वाले थे लेकिन लॉकडाउन के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाएगा।

भारत में भी इस समय कोविड-19 के कारण 21 दिन का लॉकडाउन है और यातायात प्रतिबंध भी लागू हैं।

उन्होंने लिखा, “मैं इन दिनों अच्छा महसूस नहीं कर रहा हूं। साथ ही मेरे पास कोई बीमा भी नहीं है। आप जानते हैं कि यहां मेडिकल संबंधी खर्चे काफी ज्यादा हैं।”

उन्होंने लिखा, “मैं आपसे अपील करता हूं कि आप मेरे संदेश को खेल मंत्री और विदेश मंत्री तक पहुंचा दें ताकि वो सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास से मेरी अस्पताल की जांच में मदद करा सकें और साथ ही संभव हो सके तो मुझे भारत बुला सकें।”

उन्होंने लिखा, “कृपया इसे तुरंत देखें क्योंकि मेरा स्वास्थ काफी खराब है।”

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493