पेटलावद में आक्रोश शांत : शिवराज

भोपाल, 15 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि झाबुआ के पेटलावद में अब आक्रोश शांत हो गया है, जनता इस बात से संतुष्ट है कि सरकार उनके लिए काम कर रही है।

राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठनात्मक चुनाव के लिए आयोजित जिला पदाधिकारियों, जिला चुनाव अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों और पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के बैठक में मंगलवार को मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पेटलावद में हुई त्रासदी मेरी जिंदगी की सबसे दुखद घटना है, जिसने राजनैतिक नेतृत्व और प्रशासन को कसौटी पर कसा है।

उन्होंने आगे कहा कि विस्फोट की घटना में प्रथम दृष्टया दोषी लोगों को दंडित किया गया है और प्रमुख आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी हर कोशिश पेटलावद का जनजीवन को पटरी पर लाने की है। अपने पिता को खो चुके बच्चे को कैंसर है, उसे उपचार के लिए अहमदबाद भेजा जा रहा है। घायलों के उपचार में जितना धन लगेगा, सरकार वहन करेगी। पेटलावद में कैंडल मार्च निकल चुका है और आक्रोश भी शांत हो चुका है। मैं जब वहां से लौटा तो जनता ने धन्यवाद के नारे लगाकर मेरे कार्यो पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की है।”

उन्होंने दार्शनिक के अंदाज में कहा, “मानव जीवन की सफलता परोपकार में है। हर परिवार के संपर्क में हूं और उनकी पीड़ा से एकात्म हो चुका हूं। हमें इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाते हुए देखना है कि भविष्य में इस तरह की दुर्घटना का दोहराव न हो।”

शिवराज ने कहा, “इस मानवीय त्रासदी पर कांग्रेस द्वारा की जा रही ओछी राजनीति की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493