पेरिस की छोटी चीजें करती हैं प्रेरित : रॉकी एस

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। अपने परिधान संग्रह को एफिल टावर पर आयोजित होने जा रहे फ्रेंच यूरोपीयन इंडियन फैशन वीक (एफईआईएफडब्ल्यू) में पेश करने की तैयारी कर रहे रॉकी एस का कहना है कि एक डिजाइनर के रूप में पेरिस ने उन्हें हमेशा प्रेरित किया है।

डिजाइनर ने ईमेल के जरिए दिए साक्षात्कार में आईएएनएस को बताया, “पेरिस दुनिया की फैशन राजधानी है। शहर का हर कोना व नुक्कड़ कला की झलक पेश करता है जो इसकी विषयवस्तु की कलात्मक गूंज है और इसे खूबसूरती से फैशन का स्वरूप प्रदान करता है।”

रॉकी के मुताबिक, उन्हें शहर की हर छोटी चीज प्रेरित करती है। फ्रेंच बिस्ट्रो में बैठकर कॉफी पीते हुए डूबते सूर्य को देखना उन्हें अच्छा लगता है।

एफआईएफडब्ल्यू वर्ल्ड न्यूज नेटवर्क की पहल पर आयोजित होने जा रहा है, जिसमें 15 भारतीय डिजाइनर अपने संग्रह पेश करेंगे।

रॉकी अपने संग्रह की श्रंगार रेंज को पेश करने के लिए उत्साहित हैं। प्रेम को दर्शाने वाले इस संग्रह में सजावटी प्रिंट, बेहतरीन दस्तकारी और चिकन की कढ़ाई का काम किया गया है। आधुनिक स्वतंत्र व मजबूत महिला से प्रेरित संग्रह में विंटेज क्राफ्ट और बढ़िया फैशन स्टाइल का समावेश किया गया है।

उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि एफिल टावर को देखना उनके लिए यादगार पलों में से एक है और वह बार-बार पेरिस आना चाहते हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी पेरिस फैशन वीक में भी संग्रह पेश करने की योजना है, तो डिजाइनर ने कहा कि बाजार और डिजाइन की कलात्मकता को समझने के लिए फैशन वीक एक जरिया होते हैं, इसलिए अवसर मिलने पर वह पेरिस फैशन वीक में जरूर अपना संग्रह पेश करना चाहेंगे।

डिजाइनर रॉकी के लिए शोस्टॉपर के रूप में अभिनेत्री एमी जैक्सन रैंप वॉक करेंगी। उनके अनुसार, एमी आधुनिक महिला का प्रतिनिधित्व करती हैं और वह इस ब्रांड के लिए उपयुक्त हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493