पेरिस हमले में सभी भारतीय सुरक्षित : सुषमा

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने शनिवार को कहा कि पेरिस पर हुए भीषण आतंकवादी हमले में फ्रांस में रह रहे सभी भारतीय सुरक्षित हैं।

सुषमा ने ट्वीट किया, “मैंने फ्रांस में भारत के राजदूत से बात की। उन्होंने बताया कि वहां सभी भारतीय सुरक्षित हैं। फ्रांस ने नागरिकों को घरों में ही रहने की हिदायत दी है।”

उप-राजदूत मनीष प्रभात ने इससे पहले समाचार चैनल ‘टाइम्स नाउ’ से कहा, “अब तक किसी भी भारतीय की मौत की खबर नहीं आई है।”

उन्होंने बताया कि फ्रांस द्वारा लगाई गई निषेधाज्ञा के कारण चूंकि दूतावास के कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं है, इसलिए ‘हमें घटनास्थल से सीधी खबर नहीं मिल पा रही और उसे जानने का हमारे पास कोई स्वतंत्र जरिया भी नहीं है।’

प्रभात ने बताया कि पेरिस में तकरीबन एक लाख भारतीय रहते हैं।

इससे पहले भारत के राजदूत मोहन कुमार ने ट्वीट कर बताया था, “उम्मीद है सभी भारतीय सुरक्षित होंगे। हम हमले में प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना करते हैं और हम फ्रांस के साथ हैं।”

पेरिस में शुक्रवार को हुए श्रृंखलाबद्ध आतंकवादी हमलों के बाद भारतीय दूतावास ने अपना हेल्पलाइन नंबर (0140507070) शुरू कर दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493