पेरिस हमलों का वांछित अबरिनी बेल्जियम में गिरफ्तार (लीड-1)

ब्रसेल्स, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। फ्रांस की राजधानी पेरिस में पिछले साल 13 नवंबर को हुए आतंकी हमलों के संदिग्ध मुहम्मद अबरिनी को बेल्जियम पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी ब्रसेल्स के एंडरलेकट जिले में एक अभियान के दौरान की। अभियान में दो अन्य संदिग्ध भी गिरफ्तार किए गए हैं।

अधिकारी अब उससे 22 मार्च को ब्रसेल्स हवाईअड्डे पर हुए बम विस्फोट के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। विस्फोट में 34 लोग मारे गए थे और बहुत सारे लोग घायल हुए थे।

बेल्जियम के प्रसारक आरटीबीएफ की रपट के अनुसार, ब्रसेल्स के जेवेंतम हवाईअड्डे पर हुए हमले से संबद्ध जो तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई है, उसके अनुसार विस्फोट करने वाले दो हमलावर मारे गए थे, जबकि एक व्यक्ति को वीडियो में हैट पहने देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह भाग गया था। आशंका जताई जा रही है कि यह अबरिनी हो सकता है।

जांचकर्ता यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि क्या अबरिनी हवाईअड्डे पर हुए विस्फोट के एक घंटे बाद मेट्रो स्टेशन पर हुए हमले में शामिल था?

बेल्जियम के संघीय अभियोजक के प्रवक्ता एरिक वानडर सिप्ट ने कहा कि गिरफ्तार दूसरा शख्स ओसामा क्राएम, जिसे नईम अल हामिद के नाम से भी जाना जाता है, ब्रसेल्स मेट्रो स्टेशन मीलबीक पर हमले को अंजाम देने के समय मौजूद रहा होगा।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने कहा कि हमलावर खालिद अल बकरोई ने मेट्रो स्टेशन पर विस्फोट को अंजाम दिया। वहां विस्फोट से पहले बकरोई के साथ दूसरा व्यक्ति भी दिखा था।

एक मॉल के निगरानी वीडियो में दिखता है कि दूसरा व्यक्ति हवाईअड्डे पर हमले के लिए इस्तेमाल किया गया बैग खरीद रहा है।

अबरिनी की उम्र 31 साल है। वह मोरक्को मूल का बेल्जियाई नागरिक है। अबरिनी को यूरोप का सर्वाधिक वांछित एवं खतरनाक अपराधी माना जाता है।

उसकी गिरफ्तारी का अर्थ है कि सालेह अब्देसलाम के साथ कम से कम दो अपराधी ऐसे हैं, जो अभी बेल्जियम प्रशासन की हिरासत में हैं, जिनका संबंध सीधा पेरिस हमले से है। उस हमले में 130 से अधिक लोग मारे गए थे।

पेरिस हमले से दो रात पहले अबरिनी को अब्देसलाम के साथ एक गैस स्टेशन पर देखा गया था।

उसका डीएनए और अंगुलियों के निशान पेरिस हमले में इस्तेमाल किए गए एक वाहन पर पाए गए थे।

बेल्जियम के समाचार पत्र ‘एल’एवेनिर’ की रपट के मुताबिक, बेल्जियम संघीय अभियोजक ने दो गिरफ्तारियों की पुष्टि की है। हालांकि इनके नाम उजागर नहीं किए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493