नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सूखे की स्थिति की समीक्षा की और इसका प्रभाव कम करने में राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और गुजरात में भूमि जल से सिंचाई के आर्थिक प्रभावों के विस्तृत अध्ययन के लिए एक टास्कफोर्स गठित करने का भी निर्देश दिया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री ने सिंचाई के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को सराहा।
बैठक में यह बताया गया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) से आंध्र प्रदेश के लिए 315.95 करोड़ रुपये जारी किया गया है। यह इसी निधि से केंद्र सरकार के हिस्से के रूप में पहले जारी वर्ष 2015-16 के 330 करोड़ रुपये के अतिरिक्त है। इसके अलावा भी वर्ष 2016-17 के लिए पहली किस्त के रूप में 173.25 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath