प्रधानमंत्री ने तेलंगाना की पेयजल परियोजना का शुभारंभ किया

गजवेल (तेलंगाना), 7 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना में पाइप के जरिए हर घर में पेयजल पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भगीरथ मिशन की शुरुआत की।

मेडक जिले के गजवेल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्थित कोमातीबंडा गांव में उन्होंने एक स्तंभ का अनावरण कर राज्य सरकार की इस प्रमुख परियोजना का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के निर्वाचन क्षेत्र गजवेल के 243 गांवों में पेयजल की आपूर्ति के लिए मोदी ने एक नल खोलकर परियोजना की शुरुआत की।

पहली बार तेलंगाना के दौरे पर आए प्रधानमंत्री मोदी ने दूर से राज्य के विभिन्न भागों की कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया या आधारशिला रखी।

इस अवसर पर राज्य के राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन, मुख्यमंत्री राव, केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू, सुरेश प्रभु, अनंत कुमार, पीयूष गोयल और बंडारू दत्तात्रेय उपस्थित थे।

बेगमपेट हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री अपराह्न् 2.20 बजे हैदराबाद पहुंचे। वह हेलीकॉप्टर में सवार होकर कोमातीबंडा के लिए रवाना हो गए।

दिल्ली लौटने से पहले प्रधानमंत्री एल.बी. स्टेडियम में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक सभा को भी संबोधित करने वाले थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493