प्रधानमंत्री ने बुनियादी ढांचागत क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा की

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विभिन्न बुनियादी ढांचागत क्षेत्रों से जुड़े कार्यो की प्रगति की समीक्षा की।

प्रधानमंत्री को जानकारी दी गई कि ‘प्रगति’ की सात बैठकों में अब तक जिन 62 अहम बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं की समीक्षा की गई है, उनके मामले में अच्छी प्रगति देखी जा रही है।

यहां जारी एक बयान के अनुसार, 1,000 दिनों के भीतर विद्युत सुविधा से वंचित देश के सभी गांवों को बिजली सुलभ कराने की केन्द्र सरकार की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में हुई प्रगति से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया गया।

जहां तक दूरसंचार क्षेत्र का सवाल है, वर्ष 2022 तक ब्रॉडबैंड के जरिए सभी गांवों को जोड़ने की दिशा में हुई प्रगति से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया गया।

प्रधानमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों जैसे कि नवीकरणीय ऊर्जा, पाइप के जरिए प्राकृतिक गैस सुलभ कराने, सिंचाई, सड़कों और रेलवे के क्षेत्रों में हुई प्रगति की समीक्षा की।

बयान के अनुसार, रेलवे, कौशल विकास, कोयला, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और शिपिंग सहित विभिन्न बुनियादी ढांचागत मंत्रालयों द्वारा उठाए गए कौशल विकास कदमों के बारे में भी प्रधानमंत्री को जानकारी दी गई।

प्रधानमंत्री को यह जानकारी भी दी गई कि चालू वित्त वर्ष के लिए विभिन्न क्षेत्रों (सेक्टर) से जुड़े समस्त बुनियादी ढांचागत लक्ष्यों को हासिल करना संभव नजर आ रहा है।

नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया इस बैठक में उपस्थित थे। प्रधानमंत्री कार्यालय, नीति आयोग और संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारीगण भी इस बैठक में मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493