भोपाल, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में निर्मित शौर्य स्मारक का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकार्पण किया।
राजधानी के प्रवास पर आए मोदी ने अरेरा हिल्स क्षेत्र में लगभग 13 एकड़ में बने सैनिकों के शौर्य को दर्शाने वाले इस स्मारक का बटन दबाकर लोकार्पण किया। उन्होंने इस स्मारक के हर हिस्से का भ्रमण किया। उन्होंने शौर्य स्तंभ के करीब खड़े होकर रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर, सेना के अधिकारियों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
इससे पहले मोदी ने लाल परेड मैदान में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन व शौर्य सम्मान सभा में शौर्य स्मारक का जिक्र करते हुए कहा, “युद्ध स्मारक, शहीद स्मारक तो होते हैं, मगर शौर्य स्मारक में यह सब समाहित होता है। यह शौर्य स्मारक हम सब के लिए तीर्थ क्षेत्र है। आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का मंदिर है।”
प्रधानमंत्री इससे पहले हबीबगंज क्षेत्र में स्थित जैन मंदिर भी गए, जहां उन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर से भी चर्चा की। इस मौके पर प्रधानमंत्री के साथ रक्षामंत्री पर्रिकर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अनेक नेता मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath