नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज खिताब जीतने पर भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल को बधाई दी है।
मोदी ने अपने व्यक्तिगत ट्वीटर एकाउंट पर लिखा, “सायना को बधाई। यह जीत शानदार है। पूरे देश को आपकी सफलता पर नाज है।”
विश्व की आठवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सायना ने 7.5 लाख डालर इनामी इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में चीन की सुन यू को हराया। सिडनी में तीन साल में यह सायना का दूसरा खिताब है।
सायना को विश्व की 12वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के खिलाफ खेले गए पहले गेम में 11-21 से हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन अपनी पूरी क्षमता के साथ वापसी करते हुए हैदराबाद की 26 वर्षीया बैडमिंटन खिलाड़ी ने बाकी के दोनों मुकाबले 21-14, 21-19 से जीते।
चीन की 22 वर्षीया सुन के खिलाफ यह सायना का सातवां मैच था। हैदराबाद की 26 साल की सायना का यह सातवां सुपर सीरीज खिताब है।
dharmpath.com dharmpath