अलीराजपुर, 9 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाबरा में आज मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए वायुसेना के विशेष विमान से इंदौर पहुंच गए हैं।
वह यहां हेलीकॉप्टर से अलीराजपुर के भाबरा के लिए रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी वायुसेना के विशेष विमान से इंदौर के हवाईअड्डे पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य मंत्रियों ने उनकी अगवानी की।
मोदी इंदौर से अलीराजपुर के भाबरा में 70वें स्वतंत्रता दिवस वर्ष समारोह ‘याद करो कुर्बानी’ अभियान की शुरुआत करेंगे।
आधिकारिक तौर पर जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी इंदौर से हेलीकॉप्टर द्वारा अलीराजपुर जिले के ग्राम करेटी हेलीपेड जाएंगे।
प्रधानमंत्री करेटी से रवाना होकर चंद्रशेखर आजाद नगर (भाबरा) जाएंगे और अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।
इसके बाद वह यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वह दोपहर 2.50 बजे सभास्थल से रवाना होकर कटेरी हेलीपेड पहुंचेंगे, जहां से वह हेलीकॉप्टर से इंदौर विमान-तल के लिए रवाना होंगे। प्रधानमंत्री इंदौर से शाम 4.10 बजे विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन की ओर से जोरदार तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, लेकिन बीते दो दिनों से जारी बारिश के चलते जगह-जगह कीचड़ हो गया है, जिससे भाबरा और फिर सभास्थल तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
dharmpath.com dharmpath