प्रधानमंत्री हैदराबाद मामले में आंसू नहीं, ठोस कार्रवाई करें : राहुल (लीड-1)

महोबा (बुंदेलखंड), 23 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर बुंदेलखंड पहुंचे, जहां किसानों का दर्द साझा करते हुए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हैदराबाद में एक सोच को दबाने की कोशिश हो रही है और मोदी को आंसू न बहाकर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

राहुल ने सूपा खेल मैदान से लाड़पुर तक आठ किलोमीटर की पदयात्रा शुरू करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।

पदयात्रा शुरू करने से पहले राहुल ने सूपा में चौपाल लगाई, जहां उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में किसान कराह रहे हैं, लेकिन मोदी को इनकी चिंता नहीं है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, “हमारी पार्टी हमेशा किसानों के साथ रही है। हमारी सरकार ने किसानों का 72 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया था और हजारों करोड़ रुपये का पैकेज बुंदेलखंड को दिया था।”

उन्होंने बुंदेलखंड के किसानों का मुद्दा संसद में उठाने और उन्हें उनका हक दिलाने की बात कही।

कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा, “मोदी किसानों की हालत आकर देखें। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने हर परिवार के खाते में 15 लाख रुपये डालने का वादा किया था, वह अपना वादा पूरा करें।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि मोदी को गरीबों की चिंता नहीं है, वह पूंजीपतियों की झोली भर रहे हैं।

राहुल की पदयात्रा में उनके साथ हजारों कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493