प्रियंका गांधी का बिहार की महिलाओं से वादा,हर महीने 2,500 रुपए, 5 डिसमिल मुफ्त जमीन

नई दिल्ली-कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी बिहार दौरे पर हैं। प्रियंका गांधी के शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम ‘शक्ति पंचायत’ में उपस्थित महिलाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं पूरे समाज का बोझ उठा रही हैं, लेकिन सरकार उन्हें नहीं देख रही है। प्रियंका गांधी ने महिलाओं से तीन बड़े वादे भी किए।

महिलाओं को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ‘आप अपनी शक्ति को नहीं पहचानती हैं। लेकिन पार्टियां समझ रही हैं। इसलिए चुनाव से पहले आपको पैसे दिए जा रहे हैं। आज जब चुनाव सिर पर है तब इन्हें 10 हजार रुपए देने की योजना नजर आई। 20 साल से यह सरकार है, आखिर पहले इस योजना की शुरुआत क्यों नहीं की गई?’

प्रियंका गांधी ने भरोसा दिया कि हम आपके सम्मान के लिए काम करेंगे। बिहार में महिलाओं को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा तथा तीन से पांच डिसमिल जमीन दी जाएगी, जो महिलाओं के नाम पर होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय 10 हजार रुपए देने वालों को सबक सिखाना होगा। बीजेपी और नीतीश कुमार की सरकार महिलाओं का सम्मान नहीं कर सकती है। इस सरकार को बदलना होगा। महागठबंधन में बिहार की सभी महिलाओं के लिए प्रति महीने 2,500 रुपए देने का निर्णय लिया गया है।

बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने महिलाओं से कहा कि यहां रोजगार के साधन नहीं है। पलायन के कारण आपके पति बाहर मजदूरी करते हैं और आपको यहां अकेले रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर आपको कई सहूलियतें दी जाएंगी। प्रियंका गांधी ने कार्यक्रम में बिहार की आशा, आंगनवाड़ी, किसान, मजदूर एवं अन्य व्यवसायों से जुड़ी महिलाओं के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि इंडिया गठबंधन की सरकार उनकी समस्याओं का व्यापक समाधान पेश करेगी।

About Dharm Path


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493