युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने छह लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस भी प्रारंभिक जांच में आशनाई का मामला होने की बात स्वीकार कर रही है।
विशेश्वरगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत खानपुर मल्लोह निवासी ननका देवी (25) शनिवार रात एक बजे के करीब गांव के बाहर शौच के लिए निकली थी। देर रात तक वह वापस नहीं लौटी। अचानक रात में उसकी चीख पुकार सुनाई देने लगी। चीख पुकार सुनकर परिवार के लोग दौड़ पड़े। तब ननका के शरीर से आग की लपटें उठतीं देखकर सभी भौचक रह गए।
आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह ननका के शरीर पर लगी आग बुझाई गई। रात में ही एंबुलेंस को फोन किया गया। युवती को गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पिता कन्हैयालाल यादव ने थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि रात में गांव के रहने वाले डब्ल्यू पाठक व उनकी पत्नी, लल्लन पाठक और उनकी पत्नी तथा बब्बन पाठक, राधेश्याम पाठक की पत्नी ने उसकी बेटी पर केरोसिन डालकर जलाने का प्रयास किया है। इस मामले में पुलिस ने जानलेवा हमले समेत पांच धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष मनोज सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आशनाई से जुड़ा हुआ है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है। फिलहाल आरोपी के परिवार के सभी सदस्य फरार चल रहे हैं।
ननका की चाची अनीता यादव ने बताया कि उसका विवाह बलरामपुर जनपद के हिंदू नगर में एक साल पूर्व हुआ था। विवाह के बाद गौना नहीं गया था। इसी साल गौना भेजने की तैयारी थी।
dharmpath.com dharmpath