नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। नेतृत्व सलाहकार और प्रेरक वक्ता डॉ. विवेक बिंद्रा ने गुरुवार को कहा कि भारतीय चिकित्सा प्रणाली की वास्तविकता को लेकर वीडियो बनाने के बाद उन्हें लगातार धमकी भरे फोन किए जा रहे हैं और इसके अलावा भारतीय मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की तरफ से 50 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा गया है।
बिंद्रा ने कहा, “मुझे भारतीय मेडिकल एसोसिएशन के सदस्यों से धमकी मिल रही है। हालांकि, हम भेजे गए कानूनी नोटिस का जवाब दे रहे हैं और अपराधियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर रहे हैं। वे जल्द ही सलाखों के पीछे हो सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “भारतीय मेडिकल एसोसिएशन के वही सदस्य मेरी छवि को खराब करने के लिए सोशल मीडिया टूल का उपयोग कर रहे हैं और वास्तव में चिकित्सा व्यवसाय के अंधेरे और उज्जवल पक्ष को दशार्ते वीडियो को अपलोड करने के लिए सार्वजनिक रूप से मेरी प्रतिष्ठा का अपमान कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “लोकतंत्र में जहां अपनी बात रखने की स्वतंत्रता हमेशा दी गई है, यह बेहद निराशाजनक है कि मुझे केवल तथ्यों को बताने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। यह तथ्य पहले से ही टीवी शो, समाचार पत्र, सिनेमा, ब्लॉग जैसे कई प्लेटफार्मों पर साझा किए गए हैं। मैंने कुछ नया नहीं कहा है।”
बिन्द्रा ने कहा, “यह आश्चर्यजनक है कि भारतीय मेडिकल एसोसिएशन ने झूठा आरोप लगाया है कि मैंने अपने यूट्यूब चैनल पर इस तरह के वीडियो को सामान्य जनता में लोकप्रियता हासिल करने के लिए प्रसारित किया है। वास्तव में आईएमए देश में स्वास्थ्य सेवा को सस्ता बनाने के लिए हमारे मुख्य एजेंडा को बदल रही है। मैंने अपने वीडियो में अच्छे डॉक्टरों और संस्थाओं का भी जिक्र किया है, जो नैतिक तरीके से पैसा कमाते हैं।”
डा. बिंद्रा के अनुसार, “यह वीडियो वास्तव में डॉक्टरों और चिकित्सकों के खिलाफ नहीं है, बल्कि वर्तमान चिकित्सा व्यवस्था में प्रचलित दुर्दशा के खिलाफ है। यह एक शैक्षणिक वीडियो है जो नैतिक रूप से व्यवसाय करने पर बल देता है।”
dharmpath.com dharmpath