फसलों के उत्पादन और बाजार की मांग का समय पूर्व आकलन हो : कल्याण

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह ने सोमवार को यहां कहा कि फसलों के उत्पादन और बाजार की मांग का समय पूर्व आकलन किया जाना चाहिए।

कल्याण सिंह यहां राष्ट्रपति भवन में राज्यपाल सम्मेलन के औपचारिक शुभारंभ से पूर्व आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई.एस.एल. नरसिम्हन की अध्यक्षता में आयोजित राज्यपाल समूह की बैठक में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए एक तन्त्र विकसित किया जाए, जो किसानों को यह बताए कि कौन-सी फसल कितने क्षेत्रफल में बोई जाए।

सिंह ने कहा कि किसानों को लाभान्वित करने के लिए कृषि अर्थशास्त्र विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस स्मार्ट विद्या के विकास के लिए राज्य सरकारों को प्रयास करने होंगे।

सिंह ने कहा कि कृषि क्षेत्र में वाणिज्यिक स्पर्धा की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए मास्टर ऑफ बिजनेस इन एग्रीकल्चर जैसे पाठ्यक्रम राज्य विश्वविद्यालयों में संचालित किए जाने चाहिए।

राज्यपाल सिंह ने राजस्थान में राज्य सरकार द्वारा कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री बीज स्वावलम्बन योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सेवा केन्द्र और ग्राम ज्ञान केंद्र को राज्य में प्रमुखता दी जा रही है। राज्य में जैविक खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493