मुंबई, 13 फरवरी (आईएएनएस)। फिनलैंड ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में स्थायी सदस्यता के लिए भारत के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिनलैंड के प्रधानमंत्री जुहा सिपिला के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक के बाद जारी किए गए संयुक्त वक्तव्य में कहा गया, “फिनलैंड के प्रधानमंत्री संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता के प्रति फिर से अपना समर्थन व्यक्त करते हैं।”
वक्तव्य में कहा गया, “संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार के लिए दोनों देश अंतर-सरकारी बातचीत को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हैं और संयुक्त राष्ट्र महासभा के 70वें सत्र में लिखित बातचीत की प्रक्रिया शुरू करने को लेकर प्रतिबद्धता व्यक्त करते हैं।”
सिपिला शनिवार को ‘मेक इन इंडिया सप्ताह’ के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने मुंबई आए हुए थे।
सिपिला ने भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के साथ चेन्नई में फिनलैंड की कंपनी ट्राइविट्रोन की चिकित्सकीय प्रयोगशाला (लैबसिस्टम्स डायग्नोस्टिक्स) फैक्ट्री का डिजिटल उद्घाटन भी किया।
संयुक्त बयान में कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर शस्त्र अप्रसार और हथियारों के बहुपक्षीय निर्यात पर नियंत्रण के उद्देश्यों को मजबूती प्रदान करने के लिए दोनों देशों द्वारा किए जा रहे संयुक्त प्रयास को देखते हुए सिपिला ने परमाणु आपूर्तिकर्ता एवं मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण प्रणाली में भारत की सदस्यता को सकारात्मक बताया।
उल्लेखनीय है कि भारत में फिनलैंड की 100 से अधिक कंपनियां कारोबार कर रही हैं, वहीं फिनलैंड में भारत की 25 के करीब कंपनियां हैं। फिनलैंड के 20 हजार पर्यटक प्रतिवर्ष भारत आते हैं।
dharmpath.com dharmpath