फिलीपींस : राष्ट्रपति उम्मीदवारों ने चुनाव अभियान शुरू किया

मनीला, 9 फरवरी (आईएएनएस)। फिलीपीन्स में राष्ट्रीय चुनाव के लिए निर्धारित 90 दिन की प्रचार अवधि मंगलवार को शुरू हुई। इसके साथ ही राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के प्रत्याशियों ने देश भर में सभाएं शुरू कर दी है।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, उत्तरी इलोकोस नोर्टे प्रांत में राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी सीनेटर मिरियम डिफेन्सर सांतियागो और उप राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी सीनेटर फर्डीनांड ‘बोंगबोंग’ मार्कोस जूनियर भारी भीड़ आकर्षित कर रहे हैं। मार्कोस जूनियर पूर्व राष्ट्रपति फर्डीनांड मार्कोस के बेटे हैं।

मतदान सर्वेक्षक जूनी लायलो के मुताबिक, 3000 लोगों के बीच किए गए सर्वेक्षण में 29 फीसदी ने कहा कि वे सीनेटर ग्रेस पो को राष्ट्रपति पद पर देखना चाहते हैं।

राष्ट्रपति पद के अन्य प्रत्याशियों में उपराष्ट्रपति जेजोमार बिने, डावो शहर के महापौर रोड्रिगो ड्यूटेर्ट और पूर्व स्थानीय प्रशासन सचिव मार रोक्सास शामिल हैं।

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के साथ ही सीनेटर, कांग्रेस प्रतिनिधि, प्रांतीय राज्यपालों, शहर और कस्बों के महापौरों और उप महापौरों के करीब 18000 पदों के लिए भी चुनाव हो रहे हैं।

फिलीपीन्स के चुनाव में हिंसा आम बात है। देश में इससे निपटने के लिए खास तैयारियां की जा रही हैं। बंदूकों पर पांच महीने के लिए रोक लगा दी गई है। हथियारों पर रोक को सफल बनाने के लिए पूरे देश में पुलिस और सैनिक नाके लगा दिए गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493