यू-19 विश्व कप : श्रीलंका को हरा पांचवीं बार फाइनल में पहुंचा भारत (राउंडअप)

मीरपुर (बांग्लादेश), 9 फरवरी (आईएएनएस)। अनमोलप्रीत सिंह (72) और सरफराज खान (59) की सधी हुई बल्लेबाजी के बाद मयंक डागर (21-3) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने मंगलवार को बांग्लादेश की मेजबानी में चल रहे आईसीसी यू-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में श्रीलंका को 97 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

भारतीय टीम पांचवीं बार यू-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश हासिल करने में सफल हुई है। भारत के अलावा अब तक सिर्फ पाकिस्तान की टीम पांच बार फाइनल तक का सफर तय कर सकी थी।

शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 267 रन बनाए और इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को 42.4 ओवरों में 170 के स्कोर पर ढेर कर दिया।

भारत के सर्वोच्च स्कोरर अनमोलप्रीत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

267 रनों का स्कोर बचाने उतरी भारतीय टीम को गेंदबाजों ने शुरुआत में ही दो अहम सफलता दिला टीम का मनोबल बढ़ा दिया। 13 के स्कोर पर श्रीलंका के दोनों सलामी बल्लेबाज कविन बंदारा (2) और अविश्का फर्नाडो (4) पवेलियन लौट चुके थे।

इसके बाद कामिंडु मेंडिस (39) और चरिथा अस्लांका (6) ने तीसरे विकेट के लिए 29 रनों की साझेदारी कर टीम को संभलाने की कोशिश की, लेकिन यह साझेदारी यहां से आगे जा पाती इससे पहले ही अस्लांका को राहुल बाथम ने पवेलियन भेज भारत को तीसरी सफलता दिलाई।

शम्मु अशान (38) ने मेंडिस का साथ दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 13.5 ओवरों में 49 रनों की साझेदारी की। दोनों की साझेदारी से टीम को काफी उम्मीदें थी, लेकिन मयंक डागर ने मेंडिस को आउट कर श्रीलंका को बड़ा झटका दे दिया।

यहां से टीम श्रीलंकाई टीम फिर नहीं संभल पाई और भारतीय गेंदबाज लगातार विकेट लेते रहे। अंतत: पूरी टीम लक्ष्य से 98 रन पहले ही धराशायी हो गई।

भारतीय टीम की तरफ से सबसे ज्यादा तीन विकेट डागर ने लिए जबकि अवेश खान को दो विकेट मिले। खलील एहमद, राहुल बाथम और वाशिंगटन सुंदर को एक-एक विकेट मिला। दो बल्लेबाज रनआउट हुए।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही।

9.2 ओवरों तक मात्र 27 रन जोड़ सके दोनों सलामी बल्लेबाज ऋषभ पंत (14) और कप्तान ईशान किशन (7) बिना खास योगदान दिए पवेलियन लौट गए।

इसके बाद अनमोलप्रीत और सरफराज ने शुरुआती झटकों से भारत को उबारते हुए सूझबूझ भरी साझेदारी कर टीम को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 21 ओवरों में 96 रनों की साझेदारी की।

इस साझेदारी को असिथा फर्नाडो ने तोड़ा। उन्होंने सरफराज को अशान के हाथों कैच करा भारत को तीसरा झटका दिया। आउट होने से पहले सरफराज ने 71 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।

सरफराज के बाद आए वाशिंगटन सुंदर (43) ने अनमोलप्रीत का बखूबी साथ दिया और दोंनो ने चौथे विकेट के लिए 11.5 ओवर में 70 रन जोड़े। थिलन निमेष ने अनमोलप्रीत को आउट कर यह साझेदारी को तोड़ा। अनमोलप्रीत ने 92 गेंदे का सामना कर छह चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद आए अरमान जाफर ने भी 29 रनों का योगदान दिया। महिपाल लोमरुर ने 11 और मयंक डगर ने 17 रन बनाए।

भारतीय टीम ने शुरुआत से काफी धैर्यपूवर्क खेला और 40 ओवरों तक उनकी रन गति काफी धीमी रही। 40 ओवरों तक भारत ने तीन विकेट पर 178 रन बनाए थे। हालांकि आखिरी के 10 ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने 89 रन जोड़े।

तेज गति से रन बनाने के प्रयास में हालांकि आखिरी के छह ओवरों में भारत के पांच विकेट भी गिरे।

श्रीलंका की तरफ से फर्नाडो ने चार विकेट लिए। लाहिरु कुमारा और निमेष को दो-दो विकेट मिले। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

भारत तीन बार विश्व कप खिताब जीत चुका है और अब उसकी नजर रिकॉर्ड चौथी बार खिताब हासिल करने पर रहेगी। भारतीय टीम अब गुरुवार को वेस्टइंडीज और मेजबान बांग्लादेश के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच के विजेता से फाइनल में भिड़ेगी।

फाइनल मैच 14 फरवरी को इसी मैदान पर खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493